सतना। हत्या के मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल ने रिहाई के जश्न को शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। समर्थकों के साथ निकाले गए काफिले में बेटू बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया, वहीं समर्थकों ने बाइक रैली निकालकर जमकर प्रदर्शन किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और गुरुवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल को शक्ति प्रदर्शन करना महंगा पड़ गया। जेल से रिहाई के बाद समर्थकों के साथ निकाले गए जुलूस और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद कोलगवां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेटू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर को जमानत मिलने के बाद समर्थकों ने जेल के बाहर फूल-मालाओं से बेटू का स्वागत किया। इसके बाद वह बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए निकला, जबकि समर्थकों ने बाइक रैली निकालकर काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। जुलूस बिरला रोड से होते हुए सिद्धार्थ नगर कॉलोनी पहुंचा। इस दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को कोलगवां थाना पुलिस ने मान सिंह उर्फ बेटू के साथ अंकित रजक, श्रीकांत शुक्ला और शिवम यादव उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। पुलिस चारों आरोपियों को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से करीब डेढ़ किलोमीटर पैदल थाने लेकर पहुंची। इस दौरान आरोपी कान पकड़कर चलते नजर आए और उन्होंने भविष्य में लोगों को डराने-धमकाने के उद्देश्य से जुलूस नहीं निकालने की बात कही।
गौरतलब है कि 23 वर्षीय बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में करीब 14 महीने से जेल में बंद था। जमानत पर बाहर आते ही किए गए इस शक्ति प्रदर्शन ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के सार्वजनिक प्रदर्शन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



