शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में वन्यजीव के हमले की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां रात के अंधेरे में एक तेंदुआ घर में घुसकर 18 वर्षीय युवती को उठाकर ले गया। सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर युवती का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई, वहीं परिवार में मातम छा गया।
जिले में तेंदुए के हमले की एक खौफनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। रात के सन्नाटे में घर में घुसे तेंदुए ने 18 वर्षीय युवती को सोते समय दबोच लिया और उसे उठाकर ले गया। सुबह परिजनों को युवती बिस्तर से गायब मिली। खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के कल्लेय बीट अंतर्गत तगावर गांव के राजस्व क्षेत्र की है। मृतका की पहचान सरस्वती सिंह गोंड (18) के रूप में हुई है। बताया गया कि सरस्वती अपने परिवार के साथ कच्चे और जर्जर मकान में रहती थी। मकान की हालत बेहद खराब थी और उसमें दरवाजा भी ठीक से नहीं लगा था, जिसके कारण घर का एक हिस्सा खुला रहता था।
Also Read
घटना वाली रात सरस्वती अपनी मां और बहन के साथ घर में सो रही थी। इसी दौरान क्षेत्र में विचरण कर रहा तेंदुआ खुले हिस्से से घर में दाखिल हुआ और युवती को अपने जबड़े में दबोचकर बाहर ले गया। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो सरस्वती अपने बिस्तर पर नहीं मिली। परिवार के लोगों ने आसपास तलाश की तो कुछ दूरी पर उसका शव मिला।



