सिंगरौली। सरई में श्रमिकों और सुरक्षा कर्मियों पर पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज एवं मामला दर्ज किए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेसियों ने मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरई में धरना-प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
जिले के सरई के खनुआ क्षेत्र में वेतन सहित अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे श्रमिकों और सुरक्षा कर्मियों पर कथित लाठीचार्ज एवं पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरई थाने का घेराव कर पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और श्रमिकों के समर्थन में आवाज बुलंद की। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व खनुआ क्षेत्र में श्रमिकों एवं सुरक्षा कर्मियों ने वेतन भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर चक्काजाम किया था। इस दौरान पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ बल प्रयोग करने और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने के आरोप लगे थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा नेताओं के दबाव में श्रमिकों के खिलाफ कार्रवाई की। इसी के विरोध में कांग्रेस ने थाने के सामने धरना देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और श्रमिकों को न्याय दिलाने की मांग उठाई। देर रात तक चले प्रदर्शन के दौरान प्रभारी तहसीलदार एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी ने आंदोलनकारियों से चर्चा की। अधिकारियों ने काम से निकाले गए श्रमिकों को वापस काम पर रखने के संबंध में पहल करने तथा पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद कांग्रेसियों ने आंदोलन समाप्त किया।



