सिंगरौली। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बरगवां थाना पुलिस ने मेडिकल स्टोर से जुड़े एक सीमेंट गोदाम में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में नशीली औषधियां बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं के भंडारण और कारोबार का खुलासा किया है। बरगवां थाना पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर से जुड़े ग्राम सेमुआर स्थित ईंटा प्लांट के सीमेंट गोदाम में दबिश देकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं नशीली औषधियां बरामद की हैं। कार्रवाई में 1,318 शीशी यानी 131.8 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप और 52,560 टैबलेट एवं कैप्सूल जब्त किए गए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के नेतृत्व में जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
Also Read
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगवां थाना क्षेत्र में कोडिनयुक्त कफ सिरप और अन्य नशीली औषधियों का अवैध रूप से भंडारण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना पर बरगवां पुलिस ने कसर स्थित स्टार मेडिकल स्टोर के सामने घेराबंदी कर सुकसेन बैस (22), निवासी ग्राम सेमुआर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास मोटरसाइकिल पर रखी दो पेटियों से APCORES कोडिनयुक्त कफ सिरप की 238 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक नीतीश कुमार बैस (25), निवासी सेमुआर से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस टीम ग्राम सेमुआर स्थित ईंटा प्लांट के सीमेंट गोदाम पहुंची। गोदाम की तलाशी लेने पर पुलिस भी हैरान रह गई। वहां कोडिनयुक्त कफ सिरप की 1,080 शीशियों के साथ बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट और कैप्सूल का भंडार मिला। जब्त दवाओं में DIPATRAM PLUS के 10,080 कैप्सूल, Pyeevon Spas-T के 17,280 कैप्सूल और ALZOMAC-0.5 की 25,200 टैबलेट शामिल हैं। पुलिस ने मौके से एक बोलेरो वाहन क्रमांक MP66T3098 भी जब्त किया है। पुलिस ने कुल 1,318 शीशी कोडिनयुक्त कफ सिरप, 52,560 टैबलेट-कैप्सूल तथा दो वाहन जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सुकसेन बैस और नीतीश कुमार बैस शामिल हैं। पुलिस अब इस कारोबार के पीछे जुड़े अन्य लोगों, दवाओं की आपूर्ति के स्रोत और इनके वितरण नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।



