उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना तहसील अंतर्गत कनार्दी गांव में दबंगई का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 12वीं कक्षा के एक छात्र को महज इसलिए बेरहमी से पीटा गया, क्योंकि उसने अपनी सहपाठी छात्रा को मोबाइल नंबर दे दिया था।
जिले के तराना तहसील अंतर्गत कनार्दी गांव में 12वीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सहपाठी छात्रा को मोबाइल नंबर देने की बात से नाराज चार युवकों ने छात्र को श्मशान घाट के पास ले जाकर बेल्ट और डंडों से बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र और संबंधित छात्रा एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं तथा रोजाना बस से स्कूल आते-जाते हैं। बताया जा रहा है कि छात्रा ने छात्र से मोबाइल नंबर मांगा था, जिस पर उसने अपना नंबर दे दिया। इसके बाद छात्रा द्वारा व्हाट्सएप पर दो बार मिस्ड कॉल किए जाने को लेकर कुछ युवक नाराज हो गए।
Also Read
आरोप है कि 1 नवंबर की शाम करीब सात बजे छात्र घर के बाहर खड़ा था, तभी तौफीक खान और शोएब शाह बाइक से पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। दोनों उसे श्मशान घाट के पास ले गए, जहां अल्फेज शाह और वकील खान पहले से मौजूद थे। चारों ने मिलकर छात्र को अर्धनग्न किया और बेल्ट व डंडों से जमकर मारपीट की। आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित ने अपने पिता को पूरी आपबीती सुनाई और तराना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों तौफीक खान, शोएब शाह, अल्फेज शाह और वकील खान को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।



