भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक घर में चार लोगों के शव मिलने और परिवार के मुखिया का शव रेलवे स्टेशन के पास मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर चार लोगों के शव मिलने और परिवार के मुखिया का शव रेलवे स्टेशन के पास मिलने से घटना ने गंभीर रूप ले लिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार के मुखिया ने अपनी मां, पत्नी और दो बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। घर के अंदर मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं, नरेंद्र साहू का शव घर से करीब 500 मीटर दूर सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे स्टेशन के पास मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है।फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या की आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पांचों की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।


