सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के पिपरखड़ गांव के पास सड़क हादसे में प्रदीप साकेत की मौत हो गई। स्कॉर्पियो चालक ने घायल युवक को अस्पताल ले जाने के बजाय बरगवां के माल पहाड़ इलाके में छोड़ दिया और फरार हो गया।
जिले के मोरवा थाना क्षेत्र के पिपरखड़ गांव के पास स्कॉर्पियो की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का भरोसा देकर अपनी गाड़ी में बैठाया, लेकिन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय बरगवां के सुनसान माल पहाड़ इलाके में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। मामले में मोरवा पुलिस ने आरोपी चालक गौरव मिश्रा को गिरफ्तार कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। दरअसल मृतक प्रदीप साकेत पैदल जा रहा था। इसी दौरान पिपरखड़ गांव के पास स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद चालक ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की बात कही और अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि वह घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय बरगवां के माल पहाड़ क्षेत्र में ले गया और सड़क किनारे छोड़कर वाहन सहित फरार हो गया।सड़क किनारे युवक का शव मिलने की सूचना पर मोरवा और बरगवां पुलिस जांच में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हादसे में स्कॉर्पियो वाहन शामिल था। स्थानीय लोगों द्वारा वाहन का नंबर नोट किए जाने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। बताया जा रहा है कि आरोपी वाहन लेकर पड़ोसी जिले तक पहुंच गया था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरव मिश्रा दिल्ली-गुरुग्राम से एनसीएल में कार्यरत अपनी बहन के पास मोरवा आया हुआ था। वापस लौटते समय पिपरखड़ के पास हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह घबरा गया और घायल युवक को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया।
स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक की मौत, घायल को सुनसान जगह छोड़कर भागा चालक गिरफ्तार।
Advertisement
Advertisement

