सिंगरौली। छठ महापर्व को लेकर नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 41 गनियारी स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
छठ महापर्व को लेकर नगर निगम क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 41 गनियारी स्थित छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, स्वच्छता और छठ व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। महापौर रानी अग्रवाल ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पहले घाटों की साफ-सफाई पूरी कर ली जाए। घाटों के आसपास गंदगी न रहे और नियमित रूप से सफाई कराई जाए, ताकि व्रतधारियों को पूजा-अर्चना एवं सूर्यदेव को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं बरतने और समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।
Also Read
महापौर ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और लोक संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठ घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने वार्डवासियों से भी अपील की कि पर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें और कचरा इधर-उधर न फेंकें।



