सिंगरौली। बैढ़न में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार किए जाने का मामला सामने आया है। काली मंदिर रोड स्थित श्री साईं मेडिकल स्टोर पर पुलिस ने छापेमारी कर ट्रामाडोल की 352 गोलियां, अल्प्राजोलम की 67 गोलियां और पेंटाजोसिन के 19 इंजेक्शन बरामद किए।
कोतवाली पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए काली मंदिर रोड स्थित श्री साईं मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां एवं इंजेक्शन बरामद किए हैं। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक अशोक सिंह चौहान (52 वर्ष), निवासी गनियारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेडिकल स्टोर में प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दुकान और काउंटर की तलाशी ली। इस दौरान ट्रामाडोल की 352 गोलियां, अल्प्राजोलम की 67 गोलियां तथा पेंटाजोसिन के 19 इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत 4,476 रुपये बताई गई है।
Also Read
दवाओं के संबंध में वैध लाइसेंस मांगे जाने पर संचालक प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 एवं मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।



