सिंगरौली जिले के देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अवैध रूप से संचालित साईं डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर सेंटर को सील कर संचालक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
जिला प्रशासन ने शासकीय स्वास्थ्य परिसर के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए साईं डायग्नोस्टिक सेंटर को सील कर दिया है। यह सेंटर देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित चिकित्सक आवास से संचालित किया जा रहा था।
Also Read
देवसर एसडीएम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि चिकित्सक आवास में डायग्नोस्टिक सेंटर चलाया जा रहा था। मौके पर लैब संचालन से संबंधित उपकरण भी पाए गए, जिससे नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने और सेंटर संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने संचालक रामलोटन बैस के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय परिसरों एवं स्वास्थ्य संस्थानों का किसी भी प्रकार का अनधिकृत या नियम विरुद्ध व्यावसायिक उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




