सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। चार दिनों तक चले अभियान में 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज कर 131 लीटर अवैध शराब और 465 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया है। कलेक्टर अंकित अस्थाना के नेतृत्व एवं जिला आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए गए चार दिवसीय विशेष अभियान के दौरान कुल 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई में 131 लीटर अवैध शराब के साथ शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 465 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने जिले की विभिन्न शराब दुकानों का भी सघन निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 22 शराब दुकानों के लाइसेंसियों के विरुद्ध विभागीय प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए भोपाल से राज्य स्तरीय उड़नदस्ते की टीम भी सिंगरौली पहुंची। राज्य स्तरीय उड़नदस्ते और जिला आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने गश्त एवं दबिश देकर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष यादव, आबकारी उप निरीक्षक नीलिमा मार्को सहित विभागीय अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें