सिंगरौली, 16 नवंबर 2026 । सिंगरौली जिला चिकित्सालय सह ट्रामा सेंटर में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर अंकित अस्थाना ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में पिछले दौरे की तुलना में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में सुधार पाया गया, लेकिन लेबर वार्ड में ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित मिलने पर डॉ.अम्बे शाह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
OPD से लेकर बर्न यूनिट तक का निरीक्षण
कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने ओपीडी, सर्जिकल वार्ड, जनरल वार्ड, डायलिसिस यूनिट और बर्न यूनिट का अवलोकन किया।
Also Read
इस दौरान उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था और बेहतर बनाने तथा शेष कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
ओपीडी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने और मरीजों का समय पर परीक्षण एवं उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर मिलें।
ड्यूटी से गायब Dr Ambe Shah को कारण बताओ नोटिस ?
निरीक्षण के दौरान लेबर वार्ड में निर्धारित ड्यूटी अवधि के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर कलेक्टर ने Dr. Ambe Shah को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर समुचित उपचार मिलना चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Private Hospital में मरीजों को रेफर करने पर जताई चिंता
जिला चिकित्सालय से मरीजों को निजी अस्पतालों में रेफर किए जाने के मामलों को कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,ताकि मरीजों को सरकारी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
इसके साथ ही कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में Private Ambulance के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसी व्यवस्था विकसित करने को कहा, जिससे मरीजों को अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों ( Private Hospital )की ओर ले जाने की स्थिति न बने।
अस्पताल की निगरानी के लिए लगाई जाएगी अधिकारियों की ड्यूटी
कलेक्टर अंकित अस्थाना ने कहा कि जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी के लिए जिलाधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा वे स्वयं भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण में सामने आई अन्य कमियों और आवश्यक सुधारों को आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध तरीके से सभी कमियों को दूर कर आमजन को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ.कल्पना रवि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



