ऋषिकेश, उत्तराखंड । 17 नवंबर 2026 ।। उत्तराखंड के ऋषिकेश में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुलर बाजार के पास एक बस पुल से नीचे करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यासि और ढालवाला पोस्ट से टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। इनमें से करीब 20 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
Also Read
SDRF की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर रवाना
हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर अतिरिक्त बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना किए गए हैं। SDRF के जवान खाई में उतरकर यात्रियों की तलाश और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। मौके पर पुलिस बल भी मौजूद है। SDRF और पुलिस की टीमें आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
बस में 30 से 35 यात्रियों के होने की जानकारी
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे। अब तक लगभग 20 घायल यात्रियों को रेस्क्यू किया जा चुका है। हालांकि, हादसे में कुल कितने लोग घायल हुए हैं या किसी की मृत्यु हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहने के कारण दुर्घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
हादसे के कारणों की जानकारी का इंतजार
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों की ओर से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन का प्राथमिक ध्यान घायलों को अस्पताल पहुंचाने और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।



