कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के हत्थे चढ़ी राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी पर राज्य सरकार ने कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कांकेर जिले में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार GST अधिकारी अंचला गिरी पर राज्य सरकार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के हाथों रंगे हाथों पकड़ी गई राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी को शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद सरकारी महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले के अनुसार, स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने ACB से शिकायत की थी कि बिल और आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद उनकी गाड़ी रोक दी गई और उस पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगा दी गई। आरोप है कि मामले को निपटाने और वाहन छुड़ाने के एवज में GST अधिकारी की ओर से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बाद में सौदा डेढ़ लाख रुपये में तय हुआ।
शिकायत के आधार पर ACB ने जाल बिछाया और शनिवार को रिश्वत की रकम लेते हुए अंचला गिरी को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तारी के डर से अधिकारी और उनके सहयोगी ने नोटों के बंडल घर के सामने की नाली में फेंक दिए। हालांकि ACB की टीम ने मामले की जांच करते हुए रिश्वत की रकम के लेन-देन का खुलासा किया। जांच में कांकेर निवासी इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि उसने कारोबारी से रिश्वत की रकम लेकर GST अधिकारी तक पहुंचाई थी। ACB अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के मुताबिक, रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था और उसने अंचला गिरी को दी थी। इमरान के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इधर, राज्य कर आयुक्त कार्यालय ने निलंबन आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि शासकीय पद पर रहते हुए रिश्वत की मांग करना अथवा स्वीकार करना गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। अंचला गिरी का निलंबन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जगदलपुर संभाग रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें