सिंगरौली, 8 सितंबर 2026।। सिंगरौली जिले में ग्राम पंचायतों में शासकीय राशि के दुरुपयोग के मामलों में जिला पंचायत सीईओ संघ प्रिय ने सख्त कार्रवाई की है। जांच में लाखों रुपये की अनियमितता सामने आने पर संबंधित सरपंचों और कर्मचारियों के खिलाफ वसूली और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला पंचायत सिंगरौली द्वारा पंचायतों में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघ प्रिय के निर्देश पर खुटार और खटाई ग्राम पंचायतों में सामने आए अनियमितताओं के मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।
Also Read
ग्राम पंचायत खुटार में निवासी लक्ष्मी नारायण की शिकायत पर गठित संयुक्त जांच दल ने 11 जून 2026 को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। जांच में विभिन्न निर्माण कार्यों में कुल 20 लाख 82 हजार 368 रुपये की वित्तीय अनियमितता पाई गई।
Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.
इस मामले में वर्तमान सरपंच सरिता पनिका के खिलाफ मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 40 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही 10 लाख 41 हजार 184 रुपये की वसूली के लिए धारा 92 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया है।
इसी प्रकरण में तत्कालीन सचिव अशोक कुमार शाह (वर्तमान सचिव ग्राम पंचायत रौंदी) के खिलाफ भी समान राशि की वसूली के लिए कार्रवाई की गई है।
वहीं ग्राम पंचायत खटाई में भी गंभीर अनियमितता सामने आई है। जांच में पाया गया कि बिना निर्माण कार्य कराए ही 10 लाख 67 हजार 700 रुपये की राशि निकाल ली गई। इस पर पूर्व सरपंच छोटेलाल कोल, क्षेत्रीय पीसीओ रमई कोल और सचिव भगवान सिंह के खिलाफ धारा 89 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने बताया कि संबंधितों को पहले कारण बताओ नोटिस दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई। मामले में आगे की सुनवाई तय कर दी गई है।
सीईओ संघ प्रिय ने स्पष्ट किया कि पंचायतों में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासकीय राशि के दुरुपयोग या गबन के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।





