सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधौरा स्थित एक निजी पावर प्लांट (Adani Power Plant) में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में कार्यरत एक मजदूर बॉयलर में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मजदूर घटनास्थल के आसपास एकत्र हो गए। प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद श्रमिकों के बीच दहशत भी देखी गई।
सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भगदड़ जैसी स्थिति दिखाई दे रहा है। सूत्रों का कहना है कि हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने प्लांट के भीतर बाहरी लोगों के प्रवेश प्रतिबंधित कर सुरक्षा के लिए बाउंसरों की तैनाती की गई। इस मामले में पुलिस ने बताया की अडानी पावर प्लांट बंधौरा में झारखण्ड के एक व्यक्ति की बॉयलर में फंसने से मौत हो गई है। इस हादसे के बाद पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Also Read

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रमिक संगठनों का कहना है कि यदि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाता तो ऐसी दुर्घटना से बचा जा सकता था। वहीं हादसे के बाद लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि श्रमिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनका मानना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।





