सिंगरौली, 3 नवंबर 2026। Diwali पर्व से पहले व्हाट्सऐप (WhatsApp Scam) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ₹2,000 कमाने का लालच देकर साइबर ठगी (Cyber Fraud) की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई है। सिंगरौली पुलिस ने इस संबंध में जनजागरूकता संदेश जारी कर नागरिकों को संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, व्हाट्सऐप (WhatsApp Scam) पर इन दिनों ऐसे संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि संदिग्ध लिंक के माध्यम से लोगों को ₹2,000 प्राप्त हुए हैं। संदेश में लिखा होता है, “मुझे लगा था फर्जी है, लेकिन सच में ₹2,000 मिल गए, तुम लोग भी कोशिश करो।” इन संदेशों के साथ एक लिंक भी भेजा जा रहा है, जिसके जरिए लोगों को कथित रूप से पैसे कमाने का प्रलोभन दिया जा रहा है।
Also Read
सिंगरौली पुलिस के मुताबिक, ऐसे लिंक उपयोगकर्ताओं को फर्जी वेबसाइटों पर ले जा सकते हैं। इनके माध्यम से व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय सूचनाएँ हासिल कर आर्थिक धोखाधड़ी करने का प्रयास किया जा सकता है।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में पुलिस ने नागरिकों के लिए साइबर सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी में लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जाँच करें। अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ऐसे संदेशों को दूसरे लोगों तक फॉरवर्ड करने से भी बचें।
पुलिस ने नागरिकों से अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को भी इस तरह की साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
साइबर ठगी होने पर यहाँ करें शिकायत
सिंगरौली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर **1930** पर संपर्क करने की सलाह दी है। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पीड़ित व्यक्ति नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में भी इसकी सूचना दे सकते हैं।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल : https://www.cybercrime.gov.in/
पुलिस ने नागरिकों से दीपावली के दौरान डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार के आर्थिक प्रलोभन में आकर संदिग्ध लिंक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।



