सिंगरौली। जिले के वैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत गोभा पुलिस चौकी के ग्राम बरहपान में सोमवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक कच्चा मकान भरभराकर ढहने से चार लोग मलबे में दब गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
जिले के वैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत गोभा पुलिस चौकी के ग्राम बरहपान में सोमवार की रात कच्चा मकान अचानक ढहने से बड़ा हादसा हो गया। मकान के मलबे में दबकर तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बालक अतुल को जीवित बाहर निकाल लिया गया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 8:30 बजे ग्राम बरहपान में अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त मकान के अंदर चार लोग मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही गोभा चौकी प्रभारी शिवम सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया।
Also Read
मलबा अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई आ रही थी। इस दौरान ग्राम सरपंच चित्रकूट बैस ने जेसीबी की व्यवस्था कराई। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान अरुण कुमार विश्वकर्मा (36), संतुलिया विश्वकर्मा (60) और एक वर्षीय मासूम पुष्पा की सांसें नहीं चल रही थीं, जबकि आठ वर्षीय अतुल जीवित मिला। चारों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलने पर सीएसपी हेमंत कुमार और वैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।



