सिंगरौली। उपखंड कार्यालय की शिकायत पर औचक निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने पाया कि साई डायग्नोस्टिक सेंटर एक शासकीय निवास में बिना वैध अनुमति संचालित हो रहा था। निरीक्षण का नेतृत्व करने वाले एसडीएम सुशीर श्रीकृष्ण ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त परिसर को आगामी आदेश तक सील करने के निर्देश जारी किये।
निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार परिसर वास्तविक रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पीछे स्थित शासकीय रेजिडेंशियल क्वार्टर था, जिसे स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के नियमों के परे निजी उद्देश्य के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। प्रशासन ने परिसर की सुपुर्दगी स्थानीय समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी.एल. सिंह को सौंपी है।
Also Read
प्रशासन के बयान में बताया गया है कि सेंटर का संचालन रामलौटन बैस नामक व्यक्ति कर रहे थे। अधिकारीयों ने सेंटर संचालक रामलौटन बैस से तीन कार्य दिवस के भीतर संचालन संबंधी वैध अनुमति-पत्र तथा अन्य दस्तावेज उपखंड कार्यालय देवसर में जमा करने का निर्देश दिया है। यदि दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं तो शासकीय भवन के दुरुपयोग, नियमानुसार किराया वसूली तथा अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उसी संदर्भ में संबंधित चिकित्सक डॉ. आनंद कुमार गुप्ता के विरुद्ध भी नोटिस जारी करने की प्रक्रिया आरंभ की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि शासकीय परिसरों और सरकारी संसाधनों का अनधिकृत उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों पर कड़ा रवैया अपनाया जाएगा।

स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को शासकीय संपत्ति के संरक्षण और नियमों के पालन की दिशा में एक आवश्यक कदम के रूप में देखा जा रहा है।




