सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के बदिझिरिया गांव में रविवार रात टायर खोलते समय हुए भीषण धमाके में 24 वर्षीय टिपर चालक अनिल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में टायर दुकान पर काम करने वाले दो युवक विजय साहू (17) और पवन कोल (18) घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरगवां थाना क्षेत्र के बदिझिरिया गांव में रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। VRCC कंपनी के लिए कोल डिस्पैच करने वाले टिपर का गर्म टायर खोलते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में 24 वर्षीय टिपर चालक अनिल साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टायर दुकान पर काम करने वाले दो युवक घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
Also Read
दरअसल टिपर का रिम और टायर काफी गर्म था। दुकान पर मौजूद कर्मचारियों ने टायर को ठंडा होने के बाद खोलने की सलाह दी थी, लेकिन इसके बावजूद टायर खोलने का प्रयास किया गया। अनिल साहू लीवर की मदद से टायर खोल रहे थे, तभी टायर से हवा के दबाव जैसी आवाज आने लगी। खतरा भांपकर 17 वर्षीय विजय साहू और 18 वर्षीय पवन कोल वहां से हट गए।
Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.
कुछ ही देर बाद टायर में तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास करीब 10 मिनट तक धुआं छाया रहा। धुआं छंटने के बाद अनिल गंभीर हालत में मिले। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें बैढ़न जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायलों और अनिल को अस्पताल ले जा चुके थे। मृतक अनिल साहू पचौर निवासी थे और परिवार में कमाने वाले मुख्य सदस्य थे। उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उनकी छह माह की बेटी आराध्या है। अनिल दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटे थे। हादसे में घायल विजय साहू उनके रिश्ते में भतीजे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





