Urjanchal Tiger
सोमवार, 2 नवंबर 2026 |

No Live TV Stream Available

Please check back later.

शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव TI को ट्रक ने कुचला, हुई मौत।

Om Prakash Shah

Author | Updated: 02 Nov 2026, 09:42 AM IST | 1 min read
Share:

देवास। जिले में अवैध शराब से भरे ट्रक का पीछा करते समय बड़ा हादसा हो गया। हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक को पकड़ने की कोशिश में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए पीछा कर रही पुलिस टीम के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक ट्रक इंदौर होते हुए गुजरात की तरफ जा रहा है। सूचना मिलते ही ट्रक को पकड़ने के लिए कन्नौद, सतवास और खातेगांव सहित पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमें ट्रक का पीछा कर रही थीं, वहीं आगे भी नाकाबंदी की गई थी।इसी दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका। मौके पर पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी। बताया जा रहा है कि चालक ने ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया, तभी थाना प्रभारी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में अवैध शराब भरी हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शराब तस्करी के इस नेटवर्क में हरदा के एक तस्कर के साथ देवास के तस्करों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Advertisement

ADVERTISEMENT