सिंगरौली। सिंगरौली ताइक्वांडो अकादमी द्वारा विद्यार्थियों के सम्मान और उत्साहवर्धन के उद्देश्य से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ई-कोल स्कूल के संचालक एवं समाजसेवी जम्मू बेग तथा मास्टर अनस खान की सरपरस्ती में आयोजित इस कार्यक्रम में 15 अक्टूबर 2026 को आयोजित बेल्ट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा का मजबूत माध्यम भी है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए सिंगरौली ताइक्वांडो अकादमी द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नन्हे खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सम्मानित करते हुए उनका हौसला बढ़ाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षाविदों और समाजसेवियों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों का उत्साह दोगुना कर दिया।
ई-कोल स्कूल इंटरनेशल स्कूल के संचालक एवं समाजसेवी जम्मू बेग तथा मास्टर अनस खान की सरपरस्ती में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, वैढ़न कोतवाली थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी और नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय शामिल हुए। इनके साथ काइट्स राइज स्कूल के डायरेक्टर अमित, समाजसेवी अभिलाष जैन, संजय खान सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो मास्टर अनस खान की विशेष मौजूदगी रही, जो 4 डैन ब्लैक बेल्ट धारक एवं दक्षिण कोरिया के कुक्कीवान से प्रमाणित हैं। 15 अक्टूबर 2026 को आयोजित बेल्ट परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को समारोह के दौरान प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। येलो बेल्ट में अथर्व, आव्या, शिवांश, आरव, यामी, कुणाल, भव्या, अवंतिका और तान्या ने सफलता हासिल की। वहीं ग्रीन बेल्ट में मान्या, सौम्या, हर्षित और शौर्य, ग्रीन-1 में सचिन गुर्जर, ब्लू बेल्ट में साई सान्वी जेना तथा ब्लू-1 बेल्ट में हर्ष झा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रमाण पत्रों की खासियत यह रही कि उन पर मास्टर अनस खान, ग्रैंड मास्टर परवेज खान और कोरियन ग्रैंड मास्टर की हांग किम के हस्ताक्षर हैं। इससे विद्यार्थियों की उपलब्धि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली। समारोह में केवल खेल प्रतिभाओं को ही नहीं, बल्कि पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया। उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए समर अली, यामी चौरसिया, भव्या पांडेय और साई सान्वी जेना को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों और विद्यार्थियों ने अकादमी में मिल रहे प्रशिक्षण, अनुशासन और आत्मविश्वास से जुड़े अनुभव साझा किए। अभिभावकों ने कहा कि ताइक्वांडो प्रशिक्षण बच्चों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ आत्मरक्षा के लिए भी तैयार कर रहा है। अतिथियों ने बच्चों को नियमित अभ्यास, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। साथ ही अकादमी की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया।
समारोह के समापन पर अकादमी प्रबंधन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि उचित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और प्रोत्साहन मिले तो स्थानीय प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय पहचान की दिशा में कदम बढ़ा सकती हैं।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें