जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के भेड़ाघाट में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। नेशनल हाईवे-45 पर रिंग रोड स्थित राज फैमिली ढाबे के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित मक्का लोड ट्रक ने जमकर तबाही मचाई।
जबलपुर जिले के भेड़ाघाट में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन लोगों की जिंदगी छीन ली। नेशनल हाईवे-45 पर रिंग रोड स्थित राज फैमिली ढाबे के पास तेज रफ्तार मक्का लोड ट्रक अनियंत्रित होकर मौत बनकर दौड़ा। ट्रक ने ढाबे के समीप खड़ी बोलेरो और पिकअप को जोरदार टक्कर मारने के बाद आग ताप रहे पांच लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ढाबा संचालक राजा साहू समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 2 बजे उस वक्त हुआ, जब ढाबे पर कुछ लोग भोजन कर रहे थे और कुछ लोग ठंड से बचने के लिए आग ताप रहे थे। इसी दौरान मक्का से भरा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारी और फिर वहां मौजूद लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान भिंड-मुरैना निवासी बलराम और मोनू के रूप में हुई है, जो शराब दुकान पर काम करते थे। वहीं तीसरे मृतक धर्मेंद्र खैरी निवासी थे और राज फैमिली ढाबे पर काम करते थे। इस हादसे में ढाबा संचालक राजा साहू सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें