मैहर। नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में सिंगरौली के तीन दोस्त बाल-बाल बच गए। जबलपुर से बैढ़न लौट रहे तीन युवकों की तेज रफ्तार हुंडई वरना कार मैहर बायपास स्थित सिमरन सरोवर होटल के पास आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार टैंकर के नीचे फंसकर करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दौरान घर्षण और शॉर्ट-सर्किट के कारण कार में आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।
मौत के मुंह से निकले सिंगरौली के तीन दोस्त, टैंकर के नीचे 100 मीटर तक घिसटी कार बनी आग का गोला
Urjanchal Tiger को Google पर पसंदीदा बनाएं
Google Search & News पर सबसे पहले ताज़ा अपडेट्स पाने के लिए फॉलो करें
नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात एक ऐसा भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े कर दिए। जबलपुर से सिंगरौली लौट रहे तीन दोस्तों की तेज रफ्तार हुंडई वरना कार मैहर बायपास स्थित सिमरन सरोवर होटल के पास आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार टैंकर के नीचे फंस गई और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दौरान कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे की भयावहता के बीच तीनों युवकों ने किसी तरह कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि तीनों घायल हो गए, जबकि उनकी कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगरौली जिले के बैढ़न निवासी तीन दोस्त हुंडई वरना कार क्रमांक MP66 ZC 4783 से जबलपुर घूमने गए थे। रविवार रात करीब 9:30 बजे तीनों वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार मैहर बायपास स्थित सिमरन सरोवर होटल के समीप पहुंची, तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार आगे चल रहे टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार टैंकर के नीचे फंस गई। टैंकर चालक ने करीब 100 मीटर आगे जाकर वाहन रोका, लेकिन तब तक कार सड़क पर घिसटने के कारण निकली चिंगारियों और शॉर्ट-सर्किट से आग पकड़ चुकी थी।
कार में आग लगते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी जलती कार को देखकर सहम गए। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन गनीमत रही कि तीनों युवक समय रहते कार से बाहर निकलने में सफल रहे। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी। हादसे में घायल युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30 वर्ष), पिता रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40 वर्ष), पिता हनुमान प्रसाद पांडेय तथा शिवेंद्र पांडेय (32 वर्ष), पिता सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है। तीनों बैढ़न, जिला सिंगरौली के निवासी हैं।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें