टोंक। चुनाव में जीत हासिल करने के लिए गांव को रोशन करने वाली स्ट्रीट लाइटें क्या हार के बाद बोझ बन गईं? राजस्थान के टोंक जिले से सामने आया एक मामला इन दिनों इसी सवाल को लेकर चर्चा में है। आरोप है कि पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हारने के कुछ ही घंटों बाद गांवों और ढाणियों में लगाई गई करीब 50 स्ट्रीट लाइटें उतरवा ली गईं।
चुनावी मैदान में हार का खामियाजा अब गांव की रोशनी को भी भुगतना पड़ रहा है। राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि निवाई विधायक के पीए की पत्नी चुनाव हार गईं तो गांवों और ढाणियों में लगाई गई लाइटें भी उतरवा ली गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड क्रमांक-2 का है। यहां निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के पीए की पत्नी प्रियंका शर्मा भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही थीं। बताया गया कि दीपावली से पहले हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी सहित आसपास के क्षेत्रों में लगभग 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। ग्रामीणों को लगा था कि अब गांव की गलियां अंधेरे से मुक्त रहेंगी, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद लाइटें ही गायब हो गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव में प्रियंका शर्मा की हार के कुछ ही घंटे बाद बिजली निगम की गाड़ी पहुंची और कर्मचारियों ने एक-एक कर लाइटें खोलकर अपने वाहन में रख लीं। वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि लाइटें अवैध थीं तो इन्हें लगाए जाने के समय विभाग ने रोक क्यों नहीं लगाई?ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या गांव की सुविधाएं भी चुनावी जीत-हार से तय होंगी? क्या चुनाव के दौरान लगाई गई लाइटों को हार के बाद हटाना जरूरी था? ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच और कार्रवाई के पीछे की वास्तविक वजह सार्वजनिक करने की मांग की है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें