सिंगरौली। फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी और सीएम हेल्पलाइन सहित शासकीय योजनाओं के कार्यों में लापरवाही एवं अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जिले के 10 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है।
जिले में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर 10 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है। संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई है।
Also Read
निलंबित पटवारियों में माड़ा तहसील के राजेश शाह और संदीप अग्रहरी, सिंगरौली ग्रामीण के अहमद सिद्दीकी और विवेक द्विवेदी, चितरंगी के विजय सिंह और शिव कुमार लाकरा, दुधमनिया के धर्मराज गोस्वामी और तीरथ यादव, देवसर तहसील के श्याम लाल सिंह तथा बरगवां तहसील के गूंजेश्वरी प्रसाद जायसवाल शामिल हैं।
कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। वहीं, सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इन कार्यों में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति नहीं होने को गंभीरता से लिया गया है। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों और आम नागरिकों से जुड़े शासकीय कार्यों में उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।




