रीवा। शहर की पुलिस लाइन स्थित शासकीय आवास में पदस्थ आरक्षक पीयूष मिश्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में उनका उपचार जारी है।
शहर की पुलिस लाइन स्थित शासकीय आवास में गुरुवार शाम विश्वविद्यालय थाने में पदस्थ आरक्षक पीयूष मिश्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में आरक्षक को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उन्हें आईसीयू में रखकर उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे आरक्षक ने अपने सरकारी आवास में जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद परिजनों ने उन्हें बेसुध अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। आरक्षक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।




