भोपाल। राजधानी भोपाल में लग्जरी कार शोरूम के एक कर्मचारी द्वारा करीब 23 लाख रुपये कीमत की कार चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने शोरूम में ग्राहक के नाम पर कार की बुकिंग दर्ज कराई और मौका पाकर कार लेकर फरार हो गया। कंपनी के स्टॉक वेरिफिकेशन और जीपीएस लोकेशन की मदद से चोरी का खुलासा हुआ।
राजधानी में एक निजी कार शोरूम से करीब 23 लाख रुपये कीमत की लग्जरी कार चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि शोरूम में काम करने वाला कर्मचारी ही निकला। आरोपी ने शोरूम की कार्यप्रणाली का फायदा उठाते हुए ग्राहक के नाम पर कार की बुकिंग दिखाई और बड़ी आसानी से गाड़ी लेकर फरार हो गया। हालांकि, कंपनी के स्टॉक वेरिफिकेशन और जीपीएस ट्रैकिंग ने उसकी पूरी चालाकी पर पानी फेर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गजेंद्र सिंह उर्फ ऋषि आनंद पिछले करीब एक साल से शोरूम में नौकरी कर रहा था। इस दौरान उसे गाड़ियों की बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया की पूरी जानकारी हो गई थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने 25 सितंबर 2026 को करीब 23 लाख रुपये की लग्जरी कार ग्राहक के नाम पर बुकिंग दिखाकर शोरूम की पार्किंग से बाहर निकाल ली। इसके बाद वह कार लेकर गायब हो गया और लंबे समय तक शोरूम प्रबंधन को इसकी भनक तक नहीं लगी। 30 अक्टूबर को जब ग्राहक कार की डिलीवरी लेने पहुंचा और कागजी कार्रवाई के साथ स्टॉक का मिलान किया गया, तब रिकॉर्ड में दर्ज कार पार्किंग से गायब मिली। इसके बाद शोरूम में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में कार पार्किंग से बाहर जाती दिखाई दी। कंपनी ने कार में लगे जीपीएस की लोकेशन ट्रेस की, जो आशिमा मॉल के आसपास मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर चोरी की गई कार बरामद कर ली।मामले में 31 अक्टूबर को शोरूम मैनेजर की शिकायत पर अशोका गार्डन पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
