Urjanchal Tiger
सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 |

No Live TV Stream Available

Please check back later.

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सीईओ का एक्शन, उपयंत्री का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश

Om Prakash Shah

Author | Updated: 26 Oct 2026, 08:59 AM IST | 1 min read
Share:
Advertisement

सिंगरौली। जिले में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघ प्रिय (आईएएस) ने सख्त रुख अपनाया है। समीक्षा बैठक में उन्होंने सर्वशिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों में रुचि नहीं लेने पर उपयंत्री संजय ताम्रकार का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

जिले में निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और लापरवाही को लेकर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघ प्रिय (आईएएस) ने सख्त रुख अपनाया है। निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सर्वशिक्षा अभियान के निर्माण कार्यों में रुचि नहीं लेने पर उपयंत्री संजय ताम्रकार का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं, ‘वॉश ऑन व्हील’ योजना और सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण में कम प्रगति पाए जाने पर जनपद पंचायत देवसर एवं बैढ़न के ब्लॉक समन्वयकों का अक्टूबर माह का मानदेय रोकने को कहा गया। विकसित भारत-जी राम जी योजना के कार्यों में कम प्रगति और पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने में लापरवाही पर संबंधित उपयंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। नयाटोला में चेकडैम सह पुलिया निर्माण में लापरवाही पर संबंधित उपयंत्री को नोटिस जारी किया जाएगा।

समीक्षा बैठक में सीईओ ने सर्वशिक्षा अभियान के वर्ष 2025-26 एवं पूर्व के अप्रारंभ निर्माण कार्यों को सात दिन के भीतर शुरू कराने के निर्देश दिए। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के लंबित कार्यों को सात से दस दिनों में प्रारंभ कराने तथा डीएमएफ से निर्मित आंगनबाड़ी भवनों के पूर्णता प्रमाण पत्र एक सप्ताह में जारी करने को कहा गया। अप्रारंभ डीएमएफ कार्यों को 5 नवंबर तक शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिला पंचायत की निर्माण शाखा के फिनिशिंग स्तर के 34 कार्यों को भी 5 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सहुआर पुलिया एवं हैचरी निर्माण की रिपोर्ट तीन दिन में प्रस्तुत करने तथा परसौना, नौढ़िया और उर्ती मरचेरा टोला में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण सात दिन के भीतर शुरू कराने को कहा गया। सीईओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक देरी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement