सिंगरौली। जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम देवरी प्रथम में स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव को लेकर आम आदमी पार्टी के युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने कलेक्टर से शिकायत कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम देवरी प्रथम में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र बदहाली का शिकार है। करीब तीन वर्ष पूर्व बने इस भवन की स्थिति खराब होने और स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आम आदमी पार्टी के युवा नेता संदीप कुमार प्रजापति ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, लाखों रुपये खर्च कर निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का भवन वर्तमान में जर्जर स्थिति की ओर बढ़ रहा है। परिसर में अव्यवस्था के कारण केंद्र की हालत कबाड़घर जैसी दिखाई देती है। वहीं, डॉक्टर, नर्स, एएनएम एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके बावजूद देवरी प्रथम में स्वास्थ्य केंद्र का भवन बनने के बाद भी नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं होने की शिकायत सामने आई है। इसका खामियाजा ग्रामीणों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भुगतना पड़ रहा है। सामान्य उपचार के लिए भी उन्हें दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की परेशानी होती है।
Also Read
संदीप कुमार प्रजापति ने कलेक्टर से उप स्वास्थ्य केंद्र के भवन की वर्तमान स्थिति, निर्माण गुणवत्ता और खर्च की गई राशि की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी जानने की मांग की है कि भवन बनने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं नियमित रूप से संचालित क्यों नहीं हो रही हैं और इसके लिए जिम्मेदार कौन हैं। आवेदन में भवन की आवश्यक मरम्मत कराने, डॉक्टर, नर्स, एएनएम सहित जरूरी स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।



