सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत चमारीडोल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां स्कूल से लौट रही 11वीं कक्षा की छात्रा प्रियंका प्रजापति की उफनते नाले में बहने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे बाद रविवार को छात्रा का शव नाले में फंसा हुआ बरामद किया गया।
पूरा मामला क्या है?
जानकारी के अनुसार, प्रियंका प्रजापति (पिता: समित कुमार प्रजापति) शनिवार को रोज की तरह स्कूल गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची। देर शाम तक बेटी के न लौटने पर चिंतित परिजनों ने सरई थाने में गुमशुदगी की सूचना दी।
Also Read
पुलिस और परिजनों ने रातभर आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें चमारीडोल के नाले में छात्रा का शव बरामद हुआ।
Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.
तेज बारिश बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि छात्रा को रोज घर पहुंचने के लिए इस नाले को पार करना पड़ता था। शनिवार को हुई भारी बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ गया और बहाव तेज हो गया।
सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मस्कुले के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि नाला पार करते समय छात्रा तेज बहाव में बह गई।
सड़क नहीं होने से फूटा गुस्सा
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर यहां पक्का रास्ता या सुरक्षित पुल होता, तो यह हादसा टल सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द सड़क और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
जांच जारी, नमूना रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।





