अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में नशे के अवैध कारोबार का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। कोतवाली पुलिस ने स्मैक तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चंदेरी वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल सतीश रघुवंशी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.05 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
मध्यप्रदेश के अशोकनगर में कोतवाली पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चंदेरी वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल सतीश रघुवंशी को 2.05 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के ललितपुर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ जैन को भी नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले अवैध इंजेक्शन की सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सरकारी विभाग में पदस्थ कर्मचारी की गिरफ्तारी से पूरे मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हुई। कोतवाली पुलिस ने गुना रोड स्थित लक्ष्मी ढाबे के पीछे दबिश देकर रामपुरा मोहल्ला निवासी कालू उर्फ सलीम खान को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम स्मैक और 223 अवैध एबिल इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आई।
कोतवाली प्रभारी रविप्रताप सिंह चौहान के मुताबिक, मुख्य आरोपी कालू उर्फ सलीम खान की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के ललितपुर में कार्रवाई करते हुए मेडिकल स्टोर संचालक सौरभ जैन को गिरफ्तार किया। उस पर अवैध एबिल इंजेक्शन की थोक सप्लाई करने का आरोप है। जांच के दौरान चंदेरी वन परिक्षेत्र में पदस्थ वनपाल सतीश रघुवंशी का नाम भी सामने आया, जिसे पुलिस ने 15 नवंबर को 2.05 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जांच में नशे के इस कारोबार के तार राजस्थान से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी कालू खान राजस्थान से स्मैक की खेप लाकर क्षेत्र में सप्लाई करता था। इस इनपुट के आधार पर पुलिस की विशेष टीम राजस्थान रवाना की गई है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। एसपी राजीव कुमार मिश्रा की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई इस कार्रवाई की जानकारी वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी दे दी गई है, ताकि आरोपी वनपाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके। पुलिस अब नशे की सप्लाई के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें