Singrauli News : कॉलेज तिराहा से बस स्टैंड क्षेत्र तक चला विशेष अभियान, वाहन चालकों को दी गई सख्त समझाइश
सिंगरौली (मध्य प्रदेश), 27 सितंबर।। सिंगरौली जिले में अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए 26 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की है। यह अभियान कॉलेज तिराहा से टॉकीज तक तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा, बस स्टैंड और अंबेडकर चौराहा बाजार क्षेत्र में चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी रोशनी केशरवानी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना था।
Also Read

Read Today's E-Magazine
Swipe through the complete digital edition of Urjanchal Tiger right on your screen.
अभियान के दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक मार्गों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को हटाकर व्यवस्थित कराया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि आवागमन बाधित न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को जागरूक करते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अव्यवस्थित पार्किंग से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। इसलिए नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ नियमों का पालन करना चाहिए।

इस कार्रवाई में सुबेदार आशीष तिवारी, सहायक उप निरीक्षक सुरेश शुक्ला, संतोष साकेत, आरक्षक प्रवेश, गणेश और रामनरेश सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, जिससे शहर में सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।





