सिंगरौली, मध्य प्रदेश। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में रेत को लेकर हुए विवाद में युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 15 नवंबर 2026 को खुटार चौकी क्षेत्र के ग्राम बिहरा स्थित अबरहवा नाला के पास हुई थी। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने ट्रैक्टर तेजी से आगे बढ़ा दिया, जिससे ट्रॉली का पहिया युवक की कमर के ऊपर चढ़ गया और उसकी मौत हो गई।
प्रधानमंत्री आवास के लिए रखी रेत को लेकर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहरा निवासी छोटेलाल कोल अपने परिवार के साथ 15 नवंबर को अबरहवा नाला पहुंचे थे। इसी दौरान सुनील कुमार पटेल (28), निवासी बिहरा निमिहवाडांड, ट्रैक्टर से रेत उठा रहा था।
Also Read
बताया गया कि मृतक अरुण कोल ने आरोपी को रेत उठाने से मना किया। उसने बताया कि संबंधित रेत उसके पट्टे की है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान के निर्माण में इस्तेमाल होनी है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने ट्रैक्टर में लोड रेत पलट दी और वहां से भागने का प्रयास किया। अरुण कोल ने ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने ट्रैक्टर तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इस दौरान ट्रॉली का पहिया अरुण की कमर के ऊपर चढ़ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर बैढ़न थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 153/2026 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सूचनाकर्ता और गवाहों के बयान, शव पंचनामा, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 1510/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस टीम ने फरार आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना के बाद से आरोपी सुनील कुमार पटेल फरार था। उसकी तलाश में खुटार चौकी पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बैढ़न निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, चौकी प्रभारी खुटार एसआई अमन, एएसआई मनीष सेन, हेड कांस्टेबल पतरंग सिंह, उमेश विश्वकर्मा, सच्चिदानंद तिवारी, रावेन्द्र सिंह, अजीत सिंह तथा कांस्टेबल मनीष पाण्डेय, विनोद शाक्य और रुद्र प्रताप सिंह की विशेष भूमिका रही।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में की गई।



