सिंगरौली। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ 30 वर्षीय युवक द्वारा दुष्कर्म के बाद पत्थरों से कुचलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में सात वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद पत्थरों से कुचलकर हत्या किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस जघन्य वारदात के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर बाजार बंद करा दिए और आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची सोमवार शाम से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की गई। मंगलवार को गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में खेतों के पास बच्ची का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब 30 वर्षीय युवक पर दुष्कर्म और हत्या का आरोप है।
Also Read
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गरोठ अस्पताल पहुंच गए। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते बाजार भी बंद करा दिए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंदसौर एसपी सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। हालांकि, आक्रोशित लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया।



