सिंगरौली। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। चितरंगी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप की 15 शीशियां बरामद करते हुए एक 26 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में चितरंगी पुलिस ने विशेष प्रहार अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप की 15 शीशियों के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। जब्त सिरप की कीमत 3200 रुपये बताई गई है। वहीं, महिला के साथ मोटरसाइकिल पर मौजूद चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर को चितरंगी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि कर्थुआ टोला बहेरा निवासी अंजली तिवारी प्रतिबंधित कोडिनयुक्त सिरप लेकर पराई से कर्थुआ की ओर जाने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी चितरंगी ने पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी कराई। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक महिला मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक ने वाहन मोड़कर तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। इस दौरान महिला मोटरसाइकिल से नीचे गिर गई, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने महिला को पकड़कर महिला उपनिरीक्षक के माध्यम से नियमानुसार तलाशी कराई, जिसमें उसके कब्जे से प्लास्टिक की पन्नी में रखी कोडिनयुक्त कफ सिरप की 15 शीशियां बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी महिला अंजली तिवारी (26 वर्ष), निवासी कर्थुआ टोला बहेरा, थाना चितरंगी को गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 एवं 22 में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार महिला को न्यायालय बैढ़न में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला से पूछताछ कर स्थानीय स्तर पर कोरेक्स सिरप खरीदने और बेचने वालों के साथ-साथ इसका सेवन करने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की सूची तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि नशीले सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों पर शिकंजा कसते हुए तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें