सिंगरौली में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षित गर्भपात दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य सुरक्षित गर्भपात सेवाओं को सुदृढ़ करना और महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री आर.डी. पांडेय, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. यू.के. सिंह, डॉ. सरिता, डॉ. ऋषभ दुबे, बीएमओ बैढ़न डॉ. अभय रंजन सहित जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, डीपीएचएनओ, सीएसी प्रदाता, चिकित्सा अधिकारी, एमएच समन्वयक, एपीएम, डीसीएम, नर्सिंग मेंटर और अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Also Read
बैठक के दौरान सुरक्षित गर्भपात सेवाओं, व्यापक गर्भपात देखभाल सेवाओं (सीएसी) और चिकित्सा गर्भसमापन अधिनियम (एमटीपी अधिनियम) के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सेवाओं को और मजबूत करने, महिलाओं को आवश्यक परामर्श प्रदान करने और समयबद्ध रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षित गर्भपात सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित करना आवश्यक है, ताकि महिलाओं को किसी भी प्रकार की जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने-अपने स्तर पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की और सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।
बैठक के अंत में डीपीएचएनओ श्रीमती प्रियंका पाठक ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





