सिंगरौली। जिले में बिजली विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एच-बीम पोल चोरी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार रात ग्राम खैराही के सेमुआ मोड़ स्थित पावर प्लांट बंधौरा क्षेत्र में की गई। हालांकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पहले हुई चोरी के बाद बढ़ाई गई थी निगरानी
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार 5 और 6 जून की दरम्यानी रात क्षेत्र से छह नए एच-बीम पोल चोरी हो गए थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। विभागीय अधिकारी लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने एक बार फिर पोल चोरी करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और छह लोगों को पकड़ लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले की जांच बंधौरा चौकी पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read
चोरी में इस्तेमाल वाहन भी चिन्हित
बंधौरा चौकी प्रभारी बीएल बंसल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक वाहन को भी चिन्हित किया गया है। वाहन क्रमांक एमपी 66 जी 2911 प्रारंभिक जांच में चोरी की घटना में इस्तेमाल होना पाया गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।





