सिंगरौली स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनजातीय कार्य विभाग के संभागीय उपायुक्त J P Yadav ने छात्रों को सफलता के मूल मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली कठिनाइयों से घबराने के बजाय निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
संभागीय उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में समस्याएं आती हैं, लेकिन जो उनसे संघर्ष करते हुए आगे बढ़ता है, वही अपने लक्ष्य तक पहुंचता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का महत्व समझाते हुए कहा कि आज का काम कल पर टालने की आदत से बचना चाहिए और हर क्षण का सदुपयोग करना चाहिए।
Also Read
उन्होंने असफलता को सीख का हिस्सा बताते हुए कहा कि निराश होने के बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध पंक्तियां “मन के हारे हार है और मन के जीते जीत” तथा “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
श्री यादव ने आत्मअनुशासन, एकाग्रता, निरंतरता और कड़ी मेहनत को सफलता की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों को दूसरों से तुलना करने के बजाय स्वयं से प्रतिस्पर्धा करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने माता-पिता के त्याग का सम्मान करते हुए अपनी मेहनत से उन्हें गौरवान्वित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिक्षकों से भी कमजोर विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील रहने और उनका मनोबल बढ़ाने की अपील की। लगभग दो घंटे तक चले इस संवाद में समय प्रबंधन, अनुशासन, प्राथमिकता निर्धारण और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्राचार्य जितेन्द्र सिंह, कार्यवाहक प्राचार्य श्रीमती मनप्रीत कौर, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





