सिंगरौली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और किसानों को खाद की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण और सप्लाई करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए। ड्रग माफिया के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के साथ शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए।
Also Read
मुख्यमंत्री ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कलेक्टरों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप दिया जाए। सभी छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संयुक्त समितियां गठित की जाएं। प्रत्येक छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त कर नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। मेडिकल ड्रग्स, केमिकल ड्रग्स, अवैध शराब और अन्य घातक नशीले पदार्थों की बिक्री एवं सप्लाई पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने दीपावली और गोवर्धन पूजा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन को सतर्क रहने को कहा। पटाखों की दुकानों और भंडारण स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने, अवैध बिक्री पर कार्रवाई करने तथा आग बुझाने के संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने को भी कहा। उन्होंने गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम गौशालाओं में आयोजित कर गोपाल कृष्ण पुरस्कार विजेता गौपालकों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।
किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त खाद उपलब्ध है। सभी कलेक्टर खाद के भंडारण और वितरण की लगातार निगरानी करें। ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। कम वर्षा वाले जिलों में फसल कटाई प्रयोग के आधार पर अनावारी रिपोर्ट तैयार कर किसानों के बीमा एवं राहत प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सिंगरौली कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केंद्र से कलेक्टर अंकित अस्थाना, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, उप संचालक कृषि मनोज सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव तथा सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग रेखा पांचाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।



