शहडोल। फिल्मी अंदाज में ट्रक के भीतर गुप्त तहखाना बनाकर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का जयसिंहनगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नवरात्रि सुरक्षा जांच के दौरान ट्रक की तलाशी ली गई तो उसके अंदर बना गुप्त चैंबर तस्करी के बड़े खेल का राज खोल गया।
फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर ट्रक में गुप्त तहखाना बनाकर गांजा तस्करी का बड़ा खेल खेला जा रहा था, लेकिन जयसिंहनगर पुलिस की नजरों से तस्कर बच नहीं सके। नवरात्रि सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस ने ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद कर तस्करी के इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया। तस्करों ने ट्रक की बॉडी काटकर केबिन के पीछे गुप्त चैंबर बनाया था, जिसमें गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 73.50 लाख रुपये का गांजा और 40 लाख रुपये का ट्रक जब्त किया। कुल जब्ती 1.13 करोड़ रुपये की है। मामले में चालक राहुल विश्वकर्मा और खलासी नारायण मंडल को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।




