सिंगरौली, 16 फरवरी 2026 । नगर पालिक निगम सिंगरौली ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशन में और उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में आज बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई सब्जी मंडी और अंतरराज्यीय बस स्टैंड रोड क्षेत्र में की गई। सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से दुकान लगाने वाले आधा सैकड़ा से अधिक व्यापारियों को हटाया गया।
सिंगरौली में नगर निगम ने आधा सैकड़ा से अधिक अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की। उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में सब्जी मंडी और बस स्टैंड रोड को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
Also Read
पहले भी दी गई थी चेतावनी
नगर निगम द्वारा पहले ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जा चुकी थी। उन्हें उनके व्यवसाय के अनुसार वैकल्पिक स्थल चिन्हित कर वहां दुकान लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ व्यापारी बार-बार मुख्य सड़क को घेरकर दुकान लगा रहे थे। इसकी लगातार शिकायतें मिलने के बाद निगम ने सख्त कदम उठाया।
साप्ताहिक बाजार के दौरान हुई कार्रवाई
उपायुक्त आरपी बैस ने बताया कि बैढ़न शहर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड के पास स्थित मंडी क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। साप्ताहिक बाजार के दौरान सड़क पर बैठकर सब्जी और अन्य सामान बेच रहे व्यापारियों को हटाया गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग 50 व्यापारियों को सड़क और फुटपाथ से हटाया। नियमों का उल्लंघन करने वालों का सामान भी जब्त किया गया।
दोबारा अतिक्रमण पर लगेगा जुर्माना
उपायुक्त ने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई है। यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया, तो सामान जब्ती के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। निगम आमले की इस कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, अतिक्रमण प्रभारी विपिन तिवारी, विशाल सोनी, आईसी मैनेजर आशीष शुक्ला सहित नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मौजूद रहा।




