राजस्थान। डीडवाना-कुचामन जिले के छोटे से गांव नूवां की 19 वर्षीय प्रियंका प्रजापत ने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रियंका का चयन भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में लेखापरीक्षक (ऑडिटर) पद पर हुआ है।
प्रतिभा किसी बड़े शहर या महंगे कोचिंग संस्थान की मोहताज नहीं होती, इसे राजस्थान के छोटे से गांव नूवां की 19 वर्षीय प्रियंका प्रजापत ने साबित कर दिखाया है। अपनी मेहनत, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर प्रियंका ने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में लेखापरीक्षक (ऑडिटर) पद हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव में खुशी और गर्व का माहौल है। प्रियंका प्रजापत, सुरेश प्रजापत की पुत्री और तनसुख प्रजापत की पौत्री हैं। उनके पिता विदेश में नौकरी करते हैं। प्रियंका ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही स्कूल से पूरी की और 12वीं के बाद जयपुर के सुबोध कॉलेज में उच्च शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ सेल्फ स्टडी को अपनी सफलता का आधार बनाया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा और प्रतिष्ठित केंद्रीय मंत्रालय में चयन हासिल कर लिया।
परिवार के अनुसार प्रियंका बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही हैं। उनके चाचा शीशपाल प्रजापत ने बताया कि पढ़ाई के प्रति उनकी एकाग्रता और निरंतर मेहनत ही इस सफलता की सबसे बड़ी वजह है। रक्षा मंत्रालय में ज्वाइन करने के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर प्रियंका का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। नवनिर्वाचित सरपंच कुलदीप सिंह राठौड़ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार के साथ पूरा गांव गौरवान्वित नजर आया।
प्रियंका की सफलता केवल एक सरकारी पद हासिल करने की कहानी नहीं, बल्कि उन हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो ग्रामीण परिवेश में रहकर बड़े सपने देखती हैं। उन्होंने साबित किया कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन और मेहनत के बल पर गांव की बेटियां भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकती हैं। उनकी उपलब्धि महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा को नई प्रेरणा देने वाली है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें