नवी मुंबई। बहन की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के कुछ ही मिनट बाद 35 वर्षीय दोषी नागेश बाबू लाड ने बेलापुर कोर्ट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बहन की निर्मम हत्या के मामले में अदालत से उम्रकैद की सजा मिलने के कुछ ही मिनट बाद दोषी ने कोर्ट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना नवी मुंबई के बेलापुर कोर्ट परिसर की है, जहां 35 वर्षीय नागेश बाबू लाड की मौत से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने वर्ष 2019 में अपनी बहन सुनीता की हत्या और पत्नी की हत्या के प्रयास के मामले में नागेश बाबू लाड को दोषी करार दिया था। अदालत ने बहन की हत्या के लिए आजीवन कारावास और पत्नी की हत्या के प्रयास के मामले में 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई बताया गया कि फैसला सुनाए जाने के बाद कोर्ट के अधिकारी और पुलिसकर्मी आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इसी दौरान नागेश अचानक कोर्ट रूम से बाहर निकला और इमारत की पांचवीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, नागेश को अपनी पत्नी के उसके साढ़ू जरमनजीत सिंह के साथ कथित संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर 17 जुलाई 2019 की तड़के उसने नवी मुंबई में अपनी पत्नी के मायके की छत पर चाकू से हमला कर दिया था। इसके बाद वह अपनी बहन सुनीता के घर पहुंचा। वहां सुनीता ने विवाद शांत कराने और अपनी भाभी की मदद करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उस पर भी चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते सुनीता की मौत हो गई थी। सात साल पुराने इस मामले में दोषसिद्धि और सजा सुनाए जाने के कुछ ही मिनट बाद आरोपी की मौत ने कोर्ट परिसर में सनसनी फैला दी।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें