सिंगरौली। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तहसील मुख्यालय देवसर में जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने इसे प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तहसील मुख्यालय देवसर में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक एवं कलेक्टर अंकित अस्थाना सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सहभागिता कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की पहल की।
शिविर को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि जन विश्वास शिविर प्रशासन एवं आमजन के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। साथ ही स्वामित्व योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-39 और खाखन पुलिया निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री वृंदावन योजना के तहत पात्र पशुपालकों को लाभान्वित करने, समितियों का गठन करने और ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
कलेक्टर अंकित अस्थाना ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर कई समस्याओं का शिविर में ही मौके पर निराकरण कराया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
शिविर में संबल योजना के तहत चार हितग्राहियों तथा पेंशन योजना के अंतर्गत चार हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। वहीं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सीताराम, माला, इंदल एवं अष्टभुजी स्व-सहायता समूहों को कुल 30 लाख रुपये का बैंक लिंकेज प्रदान किया गया। इसके अलावा तीन हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें पात्रतानुसार निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें