झाबुआ। एमपी के झाबुआ जिले के राणापुर क्षेत्र स्थित चुई की पहाड़ी पर दीपावली के बाद सदियों पुरानी अनोखी परंपरा निभाई जाती है। बाबा वागेला कुंवर देव के मंदिर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पशु बलि के बाद उसके धड़ को पहाड़ी से नीचे लुढ़काकर आगामी वर्ष में होने वाली बारिश का पूर्वानुमान लगाया जाता है।
आधुनिक दौर में जहां मौसम का पूर्वानुमान वैज्ञानिक तकनीकों से लगाया जाता है, वहीं मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर क्षेत्र में आज भी एक अनोखी पारंपरिक मान्यता के जरिए आगामी वर्ष की बारिश का अनुमान लगाया जाता है। चुई गांव की करीब 300 फीट ऊंची पहाड़ी पर स्थित बाबा वागेला कुंवर देव के मंदिर में दीपावली के बाद यह आयोजन होता है। यहां पशु बलि के बाद उसके धड़ को पहाड़ी से नीचे लुढ़काकर बारिश की भविष्यवाणी की जाती है।स्थानीय मान्यता के अनुसार, पशु का धड़ पहाड़ी से कितनी तेजी और कितनी दूर तक लुढ़कता है, इसी आधार पर आने वाले वर्ष में बारिश का अनुमान लगाया जाता है। यदि धड़ तेजी से नीचे पहुंचता है तो अच्छी बारिश, रुक-रुककर लुढ़कने पर सामान्य बारिश और बीच में अटकने पर कम बारिश होने के संकेत माने जाते हैं। इस वर्ष आयोजित अनुष्ठान के बाद अच्छी बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है। बताया जाता है कि यह परंपरा राजशाही के समय से चली आ रही है। पहले झाबुआ का राजपरिवार यहां पशु बलि का आयोजन करवाता था, लेकिन अब आयोजन समिति द्वारा इस परंपरा का निर्वहन किया जाता है। अनुष्ठान से पहले मंदिर के पुजारी पहाड़ी पर रहकर उपवास और धार्मिक नियमों का पालन करते हैं। दो दिनों तक चलने वाले धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
Also Read
अनोखी परंपरा को देखने के लिए मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान और गुजरात से भी आदिवासी समाज के लोग पहुंचते हैं। बाबा वागेला कुंवर देव के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मंदिर में महिलाओं का प्रवेश वर्जित है। श्रद्धालु पहाड़ी की पवित्रता बनाए रखने के लिए जूते-चप्पल नीचे उतारकर नंगे पैर दर्शन करने पहुंचते हैं। आदिवासी संस्कृति से जुड़ी यह परंपरा आज भी लोगों के आकर्षण और आस्था का केंद्र बनी हुई है। हर वर्ष दीपावली के बाद हजारों लोग यहां पहुंचकर पारंपरिक मौसम भविष्यवाणी सुनते हैं।



