सिंगरौली, 1 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को सिंगरौली के अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह ने कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया। समारोह में चार मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता 2026 के विजेता किसानों को भी पुरस्कार दिए गए।
समारोह में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, महापौर रानी अग्रवाल, प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. और नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।
Also Read

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। अतिथियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बिमल म्यूजिकल ग्रुप और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने, लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सिंगरौली बिजली और कोयला उत्पादन के लिए जाना जाता है। जिले में सोना, तांबा और लौह अयस्क के उत्पादन के माध्यम से भी प्रदेश और देश के विकास में योगदान की संभावनाएं हैं।
सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और विकास में नागरिकों की भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से प्रदेश को विकास के नए स्तर तक पहुंचाया जा सकता है। महापौर रानी अग्रवाल ने भी प्रदेश के विकास में सभी वर्गों की भागीदारी का आह्वान किया।

प्रभारी कलेक्टर संघप्रिय ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने जिले के विकास में नागरिकों से सहयोग की अपील की।
किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट और इलेक्ट्रिक स्कूटी
समारोह में मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के तहत चार विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिए गए। किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता 2026 के विजेता आशीष सिंह को ट्रैक्टर, रितेश बैस को बुलेट मोटरसाइकिल और सुदामा बैस को इलेक्ट्रिक स्कूटी प्रदान की गई। अन्य किसानों को सरसों के बीज के पैकेट भी वितरित किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों और बिमल म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, बरगवां नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला बर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह, पूर्व विधायक राम लल्लू बैस और सुभाष बर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



