सिंगरौली। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के गंभीर मामले में बरगवां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय आरोपी प्राण सिंह निवासी पोखरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
महिला एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत बरगवां पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय प्राण सिंह, निवासी पोखरा, थाना बरगवां के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को पोखरा निवासी लालबहादुर सिंह ने बरगवां थाने में दो 15 वर्षीय नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 800/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी बरगवां निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नाबालिग बालिकाओं को दस्तयाब कर उनके बयान न्यायालय के समक्ष दर्ज कराए। विवेचना के दौरान एक बालिका के बयान के आधार पर आरोपी प्राण सिंह की संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद बरगवां पुलिस ने 15 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल सिंगरौली (पचौर) भेज दिया गया।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें