ग्रेटर नोएडा। जारचा कोतवाली में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कोतवाली परिसर स्थित सरकारी आवास के बाथरूम में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
ग्रेटर नोएडा से पुलिस महकमे को स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। जारचा कोतवाली में तैनात 2023 बैच की महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कोतवाली परिसर स्थित सरकारी आवास के बाथरूम में मिला। एक युवा महिला पुलिस अधिकारी की इस तरह अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक और हलचल का माहौल है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कानपुर की रहने वाली रश्मि गौतम जारचा कोतवाली में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थीं। वह सरकारी आवास में अकेले रहती थीं। उनके पिता प्रतिदिन सुबह करीब सात बजे फोन कर उनका हालचाल लेते थे। मंगलवार को भी उन्होंने बेटी को फोन किया, लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद फोन नहीं उठा। इससे चिंतित पिता ने रश्मि की एक महिला सहकर्मी और थाना प्रभारी कैलाश नाथ को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिसकर्मी उनके सरकारी आवास पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर उसे तोड़ा गया। अंदर पहुंचने पर रश्मि बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल एक युवा महिला पुलिस अधिकारी की अचानक हुई मौत कई सवाल छोड़ गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Advertisement
Google पर हमें फॉलो करें
Google Preferred Sources में Urjanchal Tiger को शामिल करें