सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली की परिषद की साधारण बैठक गुरुवार को निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई। इनमें सिविक सेंटर का निर्माण, मल्हार पार्क में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा स्थापित करना और जयंत अस्पताल के समीप स्थित तिराहे का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखना प्रमुख हैं।

Also Read
बैठक में विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, मेयर-इन-काउंसिल के सदस्य और पार्षद उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद पिछली बैठक के एजेंडे को सर्वसम्मति से पारित किया गया। विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद समयाभाव के कारण शेष कार्यवाही अगले दिन सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गई।
सिविक सेंटर में बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम और चौपाटी
शहर में सांस्कृतिक और सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से परिषद ने सिविक सेंटर निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी। प्रस्तावित परियोजना के तहत आधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, जहां सांस्कृतिक, सामाजिक और सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।

सिविक सेंटर परिसर में आकर्षक चौपाटी विकसित करने की भी योजना है। यहां फूड जोन और वॉकिंग जोन जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इससे शहरवासियों को खानपान, मनोरंजन और सैर-सपाटे के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध कराने की योजना है।
परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने तथा स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई गई है।
मल्हार पार्क में लगेगी अग्रसेन महाराज की प्रतिमा
परिषद ने मल्हार पार्क में अग्रसेन महाराज की प्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। इसके साथ ही जयंत अस्पताल के समीप स्थित तिराहे का नाम सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
इन फैसलों के जरिए महापुरुषों के योगदान को स्मरण करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने की पहल की गई है।
स्टोर में रखी पुराने सामान की होगी नीलामी
नगर निगम के स्टोर में रखी पुरानी और अनुपयोगी सामग्री की नीलामी करने के प्रस्ताव को भी परिषद ने मंजूरी दी। इससे अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण करने और निगम के संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी।
शॉपिंग प्लाजा का निरीक्षण
परिषद की बैठक समाप्त होने के बाद निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने महापौर और पार्षदों के साथ शॉपिंग प्लाजा का भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान प्लाजा की वर्तमान स्थिति और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

बैठक में इन जनप्रतिनिधि और अधिकारी की रही मौजूदगी
बैठक में नेता प्रतिपक्ष सीमा जायसवाल, भारतेंद्र पाण्डेय, विजय कुमार साहू, रविंद्र सिंह, प्रेमसागर मिश्रा, देवमती, बाबूनंदन बंसल, अनिल कुमार वैश्य, अनुष्का यादव, गौरी अर्जुनदास गुप्ता, उर्मिला सिंह, अखिलेश सिंह, आशीष बैस, कमलेश वर्मा और संजय कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, कार्यपालन यंत्री अरविंद मडराई तथा संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।




